Thursday, November 13

अपने ही अधिकारी के बंगले पर निगम ने चला दिया बुलडोजर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 19 जुलाई (प्र)। नगर निगम ने अपने ही अधिकारी के सरकारी बंगले पर शुक्रवार को बुलडोजर चला दिया। इसकी जानकारी लगने पर भाजपा पार्षद संजय सैनी, पवन चौधरी सहित कई पार्षद मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ का विरोध करते हुए आक्रोश जताया। पार्षदों का कहना कि अपर नगर आयुक्त के सरकारी बंगले को तुड़वाकर नगर आयुक्त अपना नया कैंप कार्यालय बनाना चाहते हैं, जबकि नगर आयुक्त के आवास और उसमें ही बने कैंप कार्यालय की मरम्मत के नाम पर हाल में ही निगम का लाखों रुपये खर्च हुए हैं।

दरअसल, शहर की सबसे महंगी और प्रमुख जगह पर कमिश्नरी के पास नगर आयुक्त का आवास है इसमें उनका कैंप कार्यालय भी है। नगर आयुक्त आवास के पास अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता निर्माण का सरकारी बंगला है।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार का गोरखपुर तबादला हो गया है। उनकी जगह गोरखपुर से अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव की मेरठ नगर निगम में तैनाती हुई है। प्रमोद कुमार ने अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया, लेकिन अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को यह सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है। शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त के बंगले पर निगम का बुलडोजर चल गया। इसका पता चलने पर वार्ड-50 के पार्षद संजय सैनी अपने साथी पार्षदों के साथ पहुंचे।
पार्षदों ने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा अपर नगर आयुक्त का सरकारी बंगला तुड़वाकर अपना कैंप कार्यालय बनवाने की तैयारी की जा रही है। सरकारी बंगले में तोड़फोड़ होने पर पार्षदों ने नाराजगी जताई।

पार्षद संजय सैनी का कहना है कि अपर नगर आयुक्त के बंगले को तोड़कर नगर आयुक्त कैंप कार्यालय किस नियम के तहत बनवाना चाहते हैं। नगर निगम की बोर्ड बैठक या कार्यकारिणी बैठक में भी इसकी कोई चर्चा तक नहीं हुई।

निगम का नया कार्यालय शास्त्रीनगर नई सड़क पर सरकार बना रही है। सरकारी बंगले को तोड़कर 50 लाख का नुकसान कराया गया है। नगर आयुक्त ने हाल में अपने आवास पर भी मरम्मत कार्य कराया था।

महापौर हरिकांत अहलूवालिया का कहना है कि मुझे यह बताया गया था कि तीन-चार कंप्यूटर ऑपरेटर बैठाने के लिए अपर नगर आयुक्त के बंगले में जगह बनानी है। बंगला तोड़कर नगर आयुक्त नया कैंप कार्यालय नहीं बना सकते। अगर बंगले में बुलडोजर चलाया तो कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि अपर नगर आयुक्त के बंगले का कुछ हिस्सा जर्जर हो रहा था। इसे तुड़वाया गया है। वहां पर बुलडोजर नहीं चलाया गया, वहां से मलबा हटाया जा रहा है। मेरे आवास में कैंप कार्यालय है तो मैं क्यों नया कैंप कार्यालय बनाऊंगा।

Share.

About Author

Leave A Reply