Wednesday, July 3

बिजली बंबा बाईपास चौड़ीकरण के लिए बंद किया जाएगा रजवाहा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 25 जून (प्र)। शहर में जाम के झाम से हर कोई त्रस्त है। मिनटों का सफर घंटों में तय हो रहा है। हालात ये हैं कि लोग जाम के डर से शहर में प्रवेश करने से भी डरने लगे हैं। खैर, इस सबके बीच आपके लिए खुशखबरी है। प्रशासन ने जाम के समाधान के लिए दशकों पुरानी मांग की फाइल फिर खोली है। बिजली बंबा बाईपास के साथ-साथ निकल रहे रजवाहे का अस्तित्व समाप्त कर इस मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। सिंचाई विभाग ने इसका सर्वे शुरू किया है। एक सप्ताह में प्रशासन संस्तुति के साथ इस प्रस्ताव को शासन को भेजेगा। यदि शासन से स्वीकृति मिल जाती है तो रजवाहे को मिट्टी से पाटकर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा।

सात मीटर चौड़े बाईपास पर आधे शहर का भारः 7.5 किमी लंबे बिजली बंबा बाईपास की चौड़ाई औसतन सात मीटर है। कहीं पर चौड़ाई छह तो कहीं 10 मीटर भी है। इस पर वाहनों का भार अधिक रहता है, क्योंकि इस पर लगभग आधे शहर का भार है। ऐसा इसलिए कि शास्त्रीनगर, मेडिकल, मवाना रोड, किला रोड, जेल रोड, मेरठ- बुलंदशहर हाईवे के वाहन दिल्ली रोड पर जाने के लिए इसी बाईपास का सहारा लेते हैं। बाईपास की चौड़ाई कम होने व दोनों तरफ के वाहनों के पहुंचने से जाम से जूझते हुए लोग मंजिल पर पहुंचते हैं।

बाईपास के बराबर में खाई की तरह है रजवाहाः रजवाहे के दोनों तरफ सात मीटर की पटरी है। इसके एक तरफ पटरी पर बाईपास बन गया है, जबकि दूसरी तरफ की पटरी पर अवैध कब्जा हो गया है। रजवाहे में पानी कभी-कभार ही आता है। इसमें हमेशा झाड़ी खड़ी रहती है। बाईपास के बराबर का रजवाहा एक खाई की तरह हो गया है। रजवाहा व बाईपास के बीच कोई दीवार भी नहीं है।

कभी गगोल तीर्थ तक पहुंचा रजवाहा, अब सिर्फ तीन किसान की सिंचाई: 1904 में तैयार इसी रजवाहे से पांच फीट चौड़ी नाली गगोल तक जाती थी । किसान प्रवेश बताते हैं कि ट्यूबवेल लगने व खेतों में बनते आवास के कारण रजवाहे से सिंचाई की निर्भरता कम होती चली गई। बागपत रोड से जुड़ा यह रजवाहा वैसे तो नरहाड़ा गांव तक जाता है लेकिन वर्तमान में इसका अस्तित्व जुनिपुर में रेलवे लाइन तक ही है। रजवाहे के दोनों तरफ व्यावसायिक गतिविधि होने लगी हैं। तीन-चार किसान ही बंबा बाईपास के किनारे खेतों के लिए पानी ले रहे हैं। रजवाहे की उपयोगिता अब 60-70 मीटर ही रह गई है।

रजवाहा समाप्त होने से यह आएगा बदलाव
• रजवाहे को निष्प्रयोज्य घोषित करके पाटने से सड़क की चौड़ाई पांच मीटर बढ़ जाएगी।
• हादसों में भी कमी आएगी। आए दिन वाहन रजवाहे में पलटते रहते हैं ।
• बाईपास मार्ग के चौड़ा होने से शहर के जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

Share.

About Author

Leave A Reply